नौतनवा। एबी इंटरनेशनल स्कूल, नौतनवा में शनिवार को विश्व पर्यावरण दिवस उत्साह और जागरूकता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, जल एवं बिजली बचाने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश दिया गया। विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों ने प्रकृति संरक्षण के महत्व को समझा और दूसरों को भी प्रेरित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मॉर्निंग असेंबली से हुई, जिसमें परमजीत सर ने अपने प्रेरक संबोधन में बच्चों को पर्यावरण की रक्षा के लिए हमेशा सजग रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पृथ्वी को सुरक्षित और हराभरा बनाए रखने की जिम्मेदारी हम सभी की है।
इस दौरान बच्चों ने पौधारोपण, पोटैटो प्लांटिंग, पोस्टर मेकिंग, प्लांटर आउट ऑफ वेस्ट, रीजनरेटेड प्लांट और नेचर वॉक जैसी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इन आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों ने प्रकृति के प्रति अपने प्रेम और जिम्मेदारी का परिचय दिया।
स्कूल की डायरेक्टर अंजली ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि हर व्यक्ति की रोज़मर्रा की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि हर व्यक्ति अपने हिस्से का योगदान ईमानदारी से निभाए, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है। ऐसे आयोजन बच्चों में जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं और उन्हें प्रकृति का महत्व समझाते हैं।
प्रिंसिपल दीप्ति शुक्ला ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत गतिविधियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय रहने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में प्रशांत, प्रभास, परिनिधि, ज़ोया, प्रियांशी, रेयांश, उत्सव, श्री, नूर, ईशानवी, अयान, सुफियान, हमज़ा, शिवांश, श्रीनिका, लव, कुश, आख्या, आयुष्मान और शौर्य सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया। वहीं प्रतिभा, प्रियांशु, सौम्या, ऐमान, चंदा, माहि, स्वाति, श्वेता, राजी, उजाला, हर्ष और सूरज सहित सभी शिक्षकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।




