सोनौली पुलिस की बड़ी सफलता: चोरी का आरोपी गिरफ्तार, नकदी और जेवरात बरामद

 



तिलहवा गांव से दबोचा गया शातिर चोर, 22,300 रुपये नकद, तीन जोड़ी पायल और पांच जोड़ी बिछुआ बरामद


महराजगंज। जनपद में अपराध और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सोनौली थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी के एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई चांदी की पायल, बिछुआ और 22,300 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी नौतनवा बसंत कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष सोनौली महेन्द्र कुमार मिश्र के नेतृत्व में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा था।

इसी क्रम में 3 जुलाई 2026 को उप-निरीक्षक उमाकांत सरोज ने कांस्टेबल संदीप निषाद, अनूप मिश्रा और वासुदेव यादव के साथ तिलहवा गांव से मुईन अंसारी उर्फ टिंकल (26 वर्ष) को गिरफ्तार किया। आरोपी कोल्हुई बाजार, थाना कोल्हुई का निवासी है।

पुलिस ने उसके कब्जे से तीन जोड़ी पायल, पांच जोड़ी बिछुआ तथा कुल 22,300 रुपये नकद बरामद किए, जिनमें 18,300 रुपये भारतीय मुद्रा और 4,000 रुपये नेपाली मुद्रा शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध थाना सोनौली और थाना नौतनवा में चोरी से संबंधित मामले पहले से दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय में पेश कर दिया गया।

पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह लगातार जारी रहेगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.