सोनौली। महराजगंज
नगर पंचायत सोनौली के वार्ड नंबर-3 में लंबे समय से बनी जलनिकासी की समस्या को लेकर अब प्रशासनिक स्तर पर पहल तेज होती नजर आ रही है। बरसात के दौरान जलभराव से परेशान स्थानीय लोगों की समस्या को देखते हुए नई नाली निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है।
बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं मनोनीत सभासद रवि वर्मा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने अधिशासी अधिकारी सुरभि मिश्रा को ज्ञापन सौंपकर वार्ड में स्थायी जलनिकासी व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि बरसात के समय गलियों में पानी भर जाने से लोगों का आवागमन प्रभावित होता है और संक्रमण फैलने की आशंका भी बनी रहती है।
ज्ञापन पर संज्ञान लेते हुए अधिशासी अधिकारी सुरभि मिश्रा ने बताया कि वार्ड नंबर-3 में नई नाली निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर शासन स्तर पर स्वीकृति के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव स्वीकृत होते ही प्राथमिकता के आधार पर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।
अधिशासी अधिकारी के आश्वासन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि वर्षों पुरानी इस समस्या का जल्द स्थायी समाधान होगा। इस अवसर पर प्रेम जायसवाल, सूरत जायसवाल, धर्मेंद्र जायसवाल, बबलू माली सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।


