मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस पर सोनौली नगर पंचायत में आयोजित हुआ शुभकामना समारोह




सोनौली, महराजगंज। 


उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस के अवसर पर शुक्रवार को आदर्श नगर पंचायत सोनौली कार्यालय में सादगीपूर्ण एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री के दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य एवं यशस्वी जीवन की कामना करते हुए उन्हें जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मनोनीत सभासद रवि वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व, प्रभावी प्रशासन एवं सुशासन के कारण उत्तर प्रदेश निरंतर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने बाबा गोरखनाथ से मुख्यमंत्री के स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की प्रार्थना की।


इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष हबीब खान, मनोनीत सभासद प्रेम जायसवाल, ओमप्रकाश वर्मा, सभासद प्रतिनिधि वकील अहमद, प्रेमनाथ सिंह, जुगुल किशोर सहित सभी सभासदगण एवं नगर पंचायत के कर्मचारी उपस्थित रहे।


वक्ताओं ने मुख्यमंत्री द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं प्रदेश की प्रगति में उनके योगदान की सराहना करते हुए उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश के सर्वांगीण विकास एवं उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं व्यक्त कीं। कार्यक्रम का माहौल उत्साह, सम्मान और शुभकामनाओं से ओत-प्रोत रहा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.