नौतनवा, महाराजगंज।
विश्व पर्यावरण दिवस एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस के शुभ अवसर पर नौतनवा स्थित ठाकुर मंदिर के सामने सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में गुरुवार को भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम उत्साह, श्रद्धा और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद उपस्थित अतिथियों एवं गणमान्य नागरिकों ने आरती-पूजन कर राष्ट्र के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवा भारती के जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश वर्मा ने की, जबकि मुख्य अतिथि महेंद्र बेरीवाला एवं विशिष्ट अतिथि किशोर मद्धेशिया रहे। सरस्वती शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य अजय सिंह के मार्गदर्शन में कार्यक्रम का सफल संचालन किया गया।
इस अवसर पर सेवा भारती के पूर्णकालिक कार्यकर्ता संदीप सिंह, युवा नेता राजा सिंह, समाजसेवी सदा मोहन तथा विद्यालय की आचार्याओं सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस पर दीप प्रज्ज्वलित कर सभी अतिथियों ने एक-दूसरे को मिष्ठान खिलाकर शुभकामनाएं दीं। इसके पश्चात विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में फलदार एवं सुगंधित पौधों का रोपण किया गया।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में पर्यावरण संरक्षण को मानव जीवन और जीव-जंतुओं के अस्तित्व के लिए अत्यंत आवश्यक बताते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति यदि एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे तो देश हरित और समृद्ध बनेगा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाई जाएगी तथा भारत को स्वच्छ, हरित और विश्वगुरु बनाने के प्रयासों में सक्रिय योगदान दिया जाएगा। कार्यक्रम हर्षोल्लास एवं राष्ट्रभक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ।


