सोनौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नेपाल में बेचते थे चोरी की बाइक, तीन शातिर वाहन चोर गिरफ्तार

 



सोनौली, महराजगंज।

भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में सक्रिय अन्तरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए सोनौली पुलिस ने तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी की गई दो मोटरसाइकिलें तथा ₹10,200 नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कई अन्य वाहन चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।


पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन तथा थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार मिश्र के नेतृत्व में अपराध एवं वाहन चोरी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह सफलता हासिल हुई।


मंगलवार की रात लगभग 10:40 बजे उपनिरीक्षक पंकज कुमार सिंह अपनी टीम के साथ सोनौली कस्बे में एसबीआई बैंक के समीप संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान तीन युवकों को रोककर पूछताछ की गई। जांच के दौरान उनके पास मौजूद दो मोटरसाइकिलें चोरी की निकलीं तथा ₹10,200 नकद भी बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।


नेपाल में बेचते थे चोरी की बाइक

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे महराजगंज जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें नेपाल में बेच देते थे। चोरी के वाहनों की बिक्री से प्राप्त रकम को नेपाल में शराब पीने, कैसीनो खेलने और जुए में खर्च कर देते थे। बरामद नकदी भी चोरी की गई मोटरसाइकिलों की बिक्री से प्राप्त होने की बात आरोपियों ने स्वीकार की।

आरोपियों ने बताया कि बरामद हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल थाना पनियरा क्षेत्र से तथा यामाहा आर-15 थाना भिटौली क्षेत्र से चोरी की गई थी। इसके अतिरिक्त थाना घुघली क्षेत्र से एक अन्य हीरो एचएफ डीलक्स और थाना परसामलिक क्षेत्र से एक बुलेट मोटरसाइकिल चोरी कर नेपाल में बेचने की बात भी स्वीकार की है।


कई घटनाओं के खुलासे की उम्मीद

पुलिस का मानना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों और वाहन चोरी की कई और घटनाओं का खुलासा हो सकता है। बरामदगी और आरोपियों के बयान के आधार पर थाना सोनौली में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तीनों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है।

इस कार्रवाई को सीमा क्षेत्र में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में सोनौली पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.