सोनौली/महराजगंज।
नगर पंचायत सोनौली के गाँधी नगर वार्ड में विकास कार्यों को गति देते हुए 400 मीटर लंबी आरसीसी सड़क निर्माण परियोजना का विधिवत शिलान्यास विधायक ऋषि त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ऋषि त्रिपाठी ने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों और नगरों में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास को भी बल मिलेगा।
स्थानीय लोगों ने लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग की थी। बरसात के मौसम में मार्ग की खराब स्थिति के कारण लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
आरसीसी सड़क बनने से वार्डवासियों को राहत मिलेगी और आने-जाने में सुविधा बढ़ेगी।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी जताते हुए विधायक का आभार व्यक्त किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी क्षेत्र में इसी प्रकार के विकास कार्य जारी रहेंगे।
इस मौके पर पूर्व चेयरमैन प्रत्याशी दीपक बाबा, मनोनीत सभासद रवि वर्मा, प्रेम जायसवाल, ब्लॉक प्रमुख नौतनवा राकेश मद्धेश सहित अनेक गणमान्य लोग एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।




