सोनौली/नौतनवा, महराजगंज।
नगर पंचायत सोनौली के त्रिलोकपुर स्थित सरकारी कान्हा गौशाला में लगातार हो रही गौवंशों की अकाल मृत्यु की घटनाओं को लेकर क्षेत्र में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इस गंभीर मामले को लेकर नौतनवा हिन्दूधर्म गौशाला समिति के संरक्षक एवं समाजसेवी ओमप्रकाश वर्मा तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं मनोनीत सभासद प्रेम जायसवाल ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) नौतनवा को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि सरकारी खर्च से संचालित कान्हा गौशाला में कई दिनों से लगातार गौवंशों की मौत हो रही है, जिससे गौ-प्रेमी समाज बेहद आहत, दुखी और आक्रोशित है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर गौवंशों की मौत का सिलसिला क्यों नहीं रुक रहा है और नगर पंचायत के जिम्मेदार अधिकारी तथा संबंधित कर्मचारी इसे रोकने में क्यों विफल साबित हो रहे हैं।
ज्ञापन में गौशाला के संचालन में लापरवाही की आशंका जताते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने तथा यदि किसी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार सामने आता है तो दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की गई।
शिकायती पत्र को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम नौतनवा स्वयं विभागीय अधिकारियों एवं पशु चिकित्सा विभाग की टीम के साथ कान्हा गौशाला पहुंचे। उन्होंने गौशाला का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से गौवंशों की मौत के कारणों की जानकारी ली। साथ ही पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।
गौ-प्रेमी समाज ने प्रशासन से मांग की है कि गौशाला में बेहतर देखभाल, पर्याप्त चारा, स्वच्छ पेयजल एवं समय पर पशु चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


