सोनौली नगर पंचायत में विकास कार्यों में अनियमितता का आरोप, वार्ड बदलकर कार्य कराने की शिकायत


सोनौली/महराजगंज


सोनौली/महराजगंज। नगर पंचायत सोनौली में विकास कार्यों को लेकर एक गंभीर शिकायत सामने आई है। वार्ड संख्या-01 (अम्बेडकर नगर) एवं वार्ड संख्या-02 (चन्द्रशेखर नगर) के लिए स्वीकृत विकास कार्यों को अन्य वार्डों में कराए जाने तथा टेंडर प्रक्रिया में अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए संबंधित अधिकारियों से उच्चस्तरीय जांच की मांग की गई है।


शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि नगर पंचायत में वर्तमान अधिशासी अधिकारी के कार्यभार ग्रहण करने के बाद विकास कार्यों में व्यापक स्तर पर वित्तीय अनियमितताएं और भ्रष्टाचार बढ़ा है। शिकायत के अनुसार, वार्ड संख्या-01 एवं 02 के लिए स्वीकृत और टेंडर किए गए कार्यों को नियमानुसार उन्हीं वार्डों में कराने के बजाय वार्ड संख्या-10, 11, 12 एवं 13 में कराया जा रहा है, जो शासन के नियमों एवं टेंडर की शर्तों के विपरीत बताया गया है।


शैलेश मणि त्रिपाठ का आरोप र्है कि संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ठेकेदार की मिलीभगत से सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। साथ ही, निर्माण कार्यों में निम्न गुणवत्ता की सामग्री का इस्तेमाल किए जाने का भी आरोप लगाया गया है, जिससे विकास कार्यों की गुणवत्ता प्रभावित होने और सरकारी धन के नुकसान की आशंका जताई गई है।


शिकायत में संबंधित प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषी अधिकारियों एवं ठेकेदारों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई करने तथा वार्ड संख्या-01 एवं 02 के लिए स्वीकृत विकास कार्य उन्हीं वार्डों में नियमानुसार कराए जाने की मांग की गई है। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित कार्यों का पुनः टेंडर कराकर पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य संपन्न कराने का भी अनुरोध किया गया है।


हालांकि, इस मामले में नगर पंचायत प्रशासन या संबंधित अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.