कान्हा गौशाला में गौवंशों की मौत पर फूटा आक्रोश, ओम प्रकाश वर्मा ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

 


सोनौली/नौतनवा, महराजगंज।


नगर पंचायत सोनौली के त्रिलोकपुर स्थित सरकारी कान्हा गौशाला में लगातार हो रही गौवंशों की मौत के मामले को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता ओम प्रकाश वर्मा ने


उप-जिलाधिकारी (एसडीएम) नौतनवा को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।


ज्ञापन में कहा गया है कि सरकारी खर्च से संचालित कान्हा गौशाला में पिछले कई दिनों से लगातार गौवंशों की मृत्यु हो रही है, जिससे क्षेत्र के गौ-प्रेमी और आम नागरिकों में गहरा आक्रोश एवं दुख है। ज्ञापन के माध्यम से सवाल उठाया गया कि आखिर गौवंशों की मौत का सिलसिला क्यों नहीं रुक रहा है और गौशाला के संचालन से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का सही ढंग से निर्वहन क्यों नहीं कर पा रहे हैं।


ओम प्रकाश वर्मा ने आरोप लगाया कि यदि यह लापरवाही है तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, और यदि किसी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार की आशंका है तो उसकी भी उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। उन्होंने मांग की कि गौशाला में पशुओं के भोजन, उपचार और देखभाल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


ज्ञापन प्राप्त करने के बाद प्रशासन से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की अपेक्षा जताई गई है। वहीं, गौवंशों की लगातार हो रही मौतों को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता और नाराजगी का माहौल बना हुआ है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.