सोनौली नेपाल
सोनौली, महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित सोनौली बॉर्डर से भारतीय पर्यटकों के साथ कथित दुर्व्यवहार की शिकायतों को लेकर सीमावर्ती क्षेत्र के व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों ने चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि यदि ऐसी शिकायतों का समय रहते समाधान नहीं किया गया तो इसका असर नेपाल के पर्यटन और सीमा पार व्यापार पर पड़ सकता है।
इम्पोर्ट-एक्सपोर्ट कारोबारी रजत जायसवाल ने कहा कि नेपाल की अर्थव्यवस्था में पर्यटन की महत्वपूर्ण भूमिका है। उनका मानना है कि यदि भारतीय पर्यटक स्वयं को असहज या असुरक्षित महसूस करेंगे तो इससे पर्यटन गतिविधियों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार को पर्यटकों के लिए बेहतर और भरोसेमंद माहौल सुनिश्चित करने की दिशा में कदम उठाने चाहिए।
भाजपा नेता एवं सोनौली के मनोनीत सभासद प्रेम जायसवाल ने भी कहा कि भारतीय पर्यटकों से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उनके अनुसार, पर्यटकों का विश्वास बनाए रखना नेपाल के पर्यटन उद्योग के लिए आवश्यक है।
सोनौली व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुभाष जायसवाल ने कहा कि नेपाल लंबे समय से भारतीय पर्यटकों का प्रमुख गंतव्य रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यटकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार और सुरक्षित वातावरण दोनों देशों के व्यापारिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत बनाते हैं। यदि कहीं कोई शिकायत है तो उसका निष्पक्ष समाधान किया जाना चाहिए।
सीमावर्ती व्यापारियों का कहना है कि भारत से प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु नेपाल जाते हैं। ऐसे में पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं और सकारात्मक अनुभव उपलब्ध कराना पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था, दोनों के हित में है।


