सोनौली/नौतनवा,
सोनौली नशीली एवं प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री पर लगाम कसने के लिए ड्रग्स विभाग ने बुधवार को नौतनवा और सोनौली क्षेत्र में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। चार जनपदों के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने विभिन्न मेडिकल स्टोरों की जांच करते हुए करीब 18 संदिग्ध दवाओं के नमूने एकत्र किए, जिन्हें परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
लखनऊ मुख्यालय के निर्देश पर गोरखपुर मंडल के सहायक आयुक्त संदीप गुप्ता के नेतृत्व में गठित टीम ने दवा प्रतिष्ठानों के स्टॉक, खरीद-बिक्री अभिलेख, लाइसेंस तथा प्रतिबंधित दवाओं के रखरखाव संबंधी दस्तावेजों की गहन जांच की।
जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में अनियमितताएं सामने आईं। अधिकारियों ने बताया कि नौतनवा स्थित न्यू महावीर मेडिकल स्टोर तथा सोनौली के अंसारी मेडिकल स्टोर, शुभम मेडिकल स्टोर और विजय मेडिकल स्टोर में लाइसेंस एवं संचालन संबंधी खामियां पाए जाने पर औषधि एवं सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। साथ ही संबंधित प्रतिष्ठानों में दवाओं के क्रय-विक्रय पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।
सहायक आयुक्त संदीप गुप्ता और औषधि निरीक्षक नवीन कुमार ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य नशीली एवं प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और जनस्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
अधिकारियों के अनुसार, कुल आठ मेडिकल स्टोरों से संदिग्ध दवाओं के नमूने लिए गए हैं। प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी दल में बस्ती के औषधि निरीक्षक मुकेश कुमार, देवरिया के औषधि निरीक्षक राघवेंद्र, गोरखपुर के औषधि निरीक्षक सिद्धेश्वर शुक्ला, महराजगंज के औषधि निरीक्षक नवीन कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


