सोनौली, महराजगंज।
भारत-नेपाल सीमा पर स्थित सोनौली कस्बे में शुक्रवार को भीषण जाम की समस्या ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। कस्बे के सबसे व्यस्त जानकी मंदिर चौराहे पर घंटों तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही, जिससे राहगीरों, व्यापारियों और सीमा पार आने-जाने वाले यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
जाम की स्थिति इतनी गंभीर रही कि दोपहिया और पैदल यात्रियों का निकलना भी मुश्किल हो गया। सीमा क्षेत्र होने के कारण नेपाल से आने-जाने वाले पर्यटकों, व्यापारिक वाहनों तथा स्थानीय लोगों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा। सोनौली भारत-नेपाल आवागमन का प्रमुख प्रवेश द्वार है, जहां वाहनों का दबाव हमेशा अधिक रहता है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर में लगातार बढ़ते यातायात दबाव के बावजूद ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। जाम के कारण व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हुईं और लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी देखने को मिली।
व्यापारियों और नगरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि सोनौली में स्थायी यातायात प्रबंधन की व्यवस्था की जाए तथा प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर जाम की समस्या से राहत दिलाई जाए।
नगरवासियों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो सकती है। फिलहाल भीषण जाम के बीच लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है जबकि जिम्मेदार अधिकारी मौन बने हुए हैं।


