सोनौली/महराजगंज।
नगर पंचायत सोनौली में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से विभिन्न वार्डों में सड़क एवं इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। इसी क्रम में घनश्याम नगर वार्ड में चल रहे इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य की जिम्मेदारी आमिर आलम ने संभाल ली है, जिसके बाद कार्य में उल्लेखनीय तेजी देखने को मिल रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार लंबे समय से बेहतर सड़क व्यवस्था की मांग की जा रही थी। इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण से क्षेत्र के निवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा बरसात के दिनों में जलभराव और कीचड़ की समस्या से भी राहत मिलेगी।
निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए आमिर आलम ने कहा कि नगर पंचायत के विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण कार्य कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित कर्मियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।
वार्ड के नागरिकों ने विकास कार्य शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी प्रकार जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।



