सोनौली, महराजगंज।
सोनौली गुमशुदा व्यक्तियों की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सोनौली पुलिस एवं मिशन शक्ति टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने घर से नाराज होकर चली गईं दो युवतियों को मात्र 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक महेंद्र मिश्रा ने बताया कि 31 मई 2026 को गुमशुदगी संख्या 12/2026 के अंतर्गत लक्ष्मीनगर खास निवासी राजेन्द्र पुत्र स्वर्गीय शोहरत ने अपनी पुत्रियों सोनी सहानी (22 वर्ष) एवं प्रियंका सहानी (18 वर्ष) के घर से चले जाने की सूचना थाना सोनौली में दर्ज कराई थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल खोजबीन शुरू कर दी। उपनिरीक्षक हरिश्चन्द्र के नेतृत्व में गठित टीम तथा मिशन शक्ति टीम ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर दोनों युवतियों का पता लगाया और 24 घंटे के भीतर उन्हें सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद दोनों युवतियों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बेटियों के सुरक्षित मिलने पर परिवार के लोगों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई एवं संवेदनशील कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
सोनौली पुलिस की इस सक्रियता से क्षेत्र में सुरक्षा और विश्वास का संदेश गया है, वहीं गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश में चलाए जा रहे अभियान की प्रभावशीलता भी एक बार फिर साबित हुई है।


