सोनौली बॉर्डर पर प्रशासन का शिकंजा, तीन ओवरलोड ट्रक सीज, लाखों का जुर्माना

 




सोनौली/महराजगंज। 


भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा सोनौली पर ओवरलोड वाहनों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। एआरटीओ और पुलिस की संयुक्त टीम ने विशेष जांच अभियान के दौरान तीन ओवरलोड मालवाहक ट्रकों को सीज कर दिया। साथ ही प्रत्येक वाहन पर करीब डेढ़-डेढ़ लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।


यह कार्रवाई एआरटीओ मनोज कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी नौतनवा बसंत सिंह तथा थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार मिश्रा के नेतृत्व में की गई। जांच के दौरान राजस्थान से ब्लॉक पत्थर (मार्बल) लादकर आ रहे तीन ट्रक निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर चलते पाए गए।


अधिकारियों ने परिवहन नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर तीनों वाहनों का चालान कर उन्हें तत्काल सीज कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि ओवरलोड वाहनों के संचालन से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है और सड़कों को भी भारी नुकसान पहुंचता है।


सोनौली सीमा पर हुई इस कार्रवाई से ओवरलोड वाहन चालकों और परिवहन कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। एआरटीओ मनोज कुमार सिंह ने कहा कि परिवहन नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने वाहन स्वामियों और चालकों से निर्धारित मानकों के अनुरूप ही माल परिवहन करने की अपील की।


वहीं क्षेत्राधिकारी बसंत सिंह ने बताया कि सोनौली सीमा सहित आसपास के मार्गों पर ओवरलोड वाहनों की निगरानी और तेज कर दी गई है। भविष्य में भी संयुक्त अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.