सोनौली में लव जिहाद के विरोध में निकली जागरूकता तिरंगा पदयात्रा, लोगों ने जताया आक्रोश

 





सोनौली/नौतनवा, 


भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित नगर पंचायत सोनौली में कथित लव जिहाद की बढ़ती घटनाओं के विरोध में रविवार को जागरूकता तिरंगा पदयात्रा निकाली गई। यह पदयात्रा नौतनवा हिन्दूधर्म गौशाला समिति के संरक्षक ओमप्रकाश वर्मा, भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं मनोनीत सभासद प्रेम जायसवाल तथा पूर्व ग्राम प्रधान महेंद्र जायसवाल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई।


पदयात्रा का शुभारंभ श्रीराम जानकी मंदिर से हुआ। इसमें शामिल लोगों ने विभिन्न नारों के साथ नगर क्षेत्र और भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर के आसपास भ्रमण किया। यात्रा रोडवेज बस स्टेशन होते हुए पुनः श्रीराम जानकी मंदिर पहुंची, जहां एक विचार-विमर्श बैठक आयोजित की गई।


बैठक में महंत शिवनारायण दास, ओमप्रकाश वर्मा, प्रेम जायसवाल, महेंद्र जायसवाल, मनोज जायसवाल, धर्मेंद्र जायसवाल, राजू जायसवाल, नन्हे प्रसाद जायसवाल मनोज मद्देशिया और जुगुल किशोर सहित अन्य लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने युवाओं में नैतिक शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और पारिवारिक संस्कारों को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया।


उन्होंने कहा कि अभिभावकों को अपने बच्चों की शिक्षा के साथ-साथ उनके सामाजिक और नैतिक विकास पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए। वक्ताओं ने प्रशासन से समाज विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध निष्पक्ष एवं सख्त कार्रवाई करने की मांग की।


बैठक में मौजूद लोगों ने भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र के ग्रामीण और शहरी इलाकों में रहने वाले सभी समुदायों के शिक्षित एवं जागरूक नागरिकों से सामाजिक सौहार्द बनाए रखने, युवाओं को सही मार्गदर्शन देने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।


कार्यक्रम का समापन सामाजिक एकता, जागरूकता और राष्ट्रहित के संकल्प के साथ हुआ।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.