सोनौली, महराजगंज।
भारत-नेपाल सीमा पर अवैध शराब एवं अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक युवक को 6 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब और भारी मात्रा में सिगरेट के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश क्षेत्राधिकारी नौतनवा के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष सोनौली के नेतृत्व में सीमा क्षेत्र में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोनौली चौकी प्रभारी उमाकान्त सरोज पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच कर रहे थे।
चेकिंग के दौरान ग्राम फरेंन्दी तिवारी तिलहवा रोड स्थित बाउंड्रीवाल के पास एक संदिग्ध युवक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से 06 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब (रेड लेबल जॉनी वॉकर, 750 एमएल) बरामद हुई। इसके अलावा दो ट्रॉली बैगों में रखे 38 पैकेट गोल्ड फ्लैक सिगरेट भी पुलिस ने बरामद किए।
बरामदगी के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर थाना सोनौली में मु0अ0सं0 59/2026 के तहत धारा 60(1) आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध शराब, मादक पदार्थों और अन्य तस्करी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


