सोनौली, महराजगंज।
भारत-नेपाल सीमा स्थित सोनौली बॉर्डर पर गुरुवार को सुरक्षा एजेंसियों ने जांच के दौरान 500 ग्राम चांदी के साथ एक व्यक्ति को हिरासत में लिया। बरामद चांदी और आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए कस्टम विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, सीमा पर एसएसबी और अन्य सुरक्षा एजेंसियां नियमित जांच अभियान चला रही थीं। इसी दौरान नेपाल की ओर जाने वाले एक संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली गई। जांच में उसके सामान से करीब 500 ग्राम चांदी के दाने बरामद हुए।
पूछताछ में युवक ने खुद को राजस्थान के जयपुर का निवासी बताया। उसने बताया कि वह चांदी को जयपुर से खरीदकर नेपाल के काठमांडू ले जा रहा था। हालांकि, चांदी के परिवहन एवं निर्यात से संबंधित कोई वैध दस्तावेज वह प्रस्तुत नहीं कर सका।
दस्तावेज न मिलने पर सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल चांदी को जब्त कर लिया और व्यक्ति को हिरासत में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। अधिकारियों का कहना है कि भारत-नेपाल सीमा पर कीमती धातुओं और अन्य वस्तुओं की अवैध तस्करी रोकने के लिए लगातार सघन निगरानी और जांच अभियान चलाया जा रहा है।
कार्रवाई के बाद बरामद चांदी और संबंधित व्यक्ति को कस्टम कार्यालय नौतनवा को सौंप दिया गया है। कस्टम विभाग मामले की जांच कर यह पता लगाने में जुटा है कि चांदी को नेपाल ले जाने के पीछे क्या उद्देश्य था और कहीं इसके पीछे कोई तस्करी नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।
सुरक्षा एजेंसियों ने कहा है कि सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


