भारत-नेपाल सीमा सोनौली बड़ी कामयाबी: 1 करोड़ रुपये की हाइड्रोपोनिक वीड के साथ तस्कर गिरफ्तार

 



सोनौली, महराजगंज। 


भारत-नेपाल सीमा सोनौली पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महराजगंज पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने करीब 1 करोड़ रुपये मूल्य की 2.30 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड बरामद करते हुए एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है।


जानकारी के अनुसार, थाना सोनौली पुलिस एवं 22वीं वाहिनी एसएसबी की संयुक्त टीम मंगलवार रात भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 2.30 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये आंकी गई है।


गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद इदरीश (34 वर्ष) पुत्र वीर मोहम्मद, निवासी रामनाथपुरम, तमिलनाडु के रूप में हुई है। बरामदगी के आधार पर थाना सोनौली में मुकदमा संख्या 51/2026 दर्ज करते हुए आरोपी के विरुद्ध धारा 8/20/23 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।


पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हाइड्रोपोनिक वीड अत्यधिक महंगी और उच्च गुणवत्ता वाली मादक सामग्री होती है, जिसकी तस्करी संगठित अंतरराज्यीय एवं अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के माध्यम से की जाती है। प्रारंभिक जांच में इस मामले के पीछे बड़े तस्करी गिरोह के जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।


पुलिस और एसएसबी की टीम अब आरोपी से पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


सीमा सुरक्षा एजेंसियों की इस बड़ी कार्रवाई को मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.