घुघली, महराजगंज।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा-2025 के सुचारू, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक और डीएम ने अधिकारियों के साथ डीएवी नारंग इंटर कॉलेज, घुघली का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं निकास प्रबंधन, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का गहनता से अवलोकन किया गया। पुलिस अधीक्षक एवं डीएम ने केंद्र पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और शांति के साथ संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, नकल अथवा सुरक्षा में चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन की इस सक्रियता से यह स्पष्ट है कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा-2025 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

