नौतनवा / महराजगंज
आगामी बकरीद पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को नौतनवा कस्बे एवं संवेदनशील क्षेत्रों में प्रशासन और पुलिस द्वारा संयुक्त फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च का नेतृत्व उपजिलाधिकारी नवीन कुमार नौतनवा एवं क्षेत्राधिकारी बसंत सिंह नौतनवा ने किया। इस दौरान थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी गई।
फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने आमजन से आपसी भाईचारा, सौहार्द एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। साथ ही लोगों को यह भरोसा दिलाया गया कि त्यौहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी और किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि बकरीद पर्व को लेकर लगातार क्षेत्र में भ्रमण किया जा रहा है तथा सुरक्षा व्यवस्था पर पैनी नजर रखी जा रही है, ताकि पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न हो सके।


