नौतनवा/महराजगंज।
समाजवादी पार्टी ने सोमवार को नौतनवा विधानसभा क्षेत्र में जनसमस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। सपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने खनुवा चौराहे से तहसील परिसर तक पैदल मार्च निकालकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की और उपजिलाधिकारी नौतनवा को विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
पैदल मार्च का नेतृत्व समाजवादी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव बैजू यादव ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई, डीजल-पेट्रोल के दाम, रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि, किसानों की समस्याओं, बिजली संकट और स्थानीय जनहित के मुद्दों को लेकर जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने कहा कि आम जनता लगातार परेशानियों का सामना कर रही है, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नहीं दिख रही।
मार्च में विधानसभा अध्यक्ष बिक्रम यादव, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष राजू दुबे, ब्लॉक अध्यक्ष बाबूलाल, ब्लॉक महासचिव कमरुद्दीन हसन, सोनौली नगर अध्यक्ष नीरज गुप्ता और छात्र सभा विधानसभा अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूरे मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला और तहसील परिसर काफी देर तक नारों से गूंजता रहा।
इस अवसर पर बैजू यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा जनता की आवाज बनकर संघर्ष करती रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता महंगाई, बिजली संकट और किसानों की समस्याओं से जूझ रही है, ऐसे में पार्टी जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार आंदोलन करती रहेगी।
सपा के इस शक्ति प्रदर्शन और ज्ञापन कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में दिनभर राजनीतिक चर्चा का माहौल बना रहा।



