महराजगंज।
महाराजगंज नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महराजगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना पुरन्दरपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो शातिर ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 123 पीस कोडीन युक्त सिरप, 960 नशीले कैप्सूल, दो मोबाइल फोन तथा तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी भारत-नेपाल सीमा के रास्ते नेपाल में ऊंचे दामों पर नशीली दवाइयों की सप्लाई करते थे। बरामद नशीले पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 90 हजार रुपये बताई जा रही है।
इस कार्रवाई को सीमा क्षेत्र में सक्रिय ड्रग नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें माननीय न्यायालय भेज दिया गया है।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान राम समुझ केवट निवासी खरोहवा थाना बेलीपार, नवीन कुमार गौतम निवासी अंधियारीबाग थाना गोरखनाथ और संदीप कुमार निवासी डोहरिया थाना तिवारीपुर जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने मामले में जानकारी देते हुए कहा कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। सीमा क्षेत्र में लगातार सघन चेकिंग और अभियान चलाकर ऐसे तस्करों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।


