नौतनवां महाराजगंज
महराजगंज। बढ़ती महंगाई, अघोषित बिजली कटौती, किसानों की समस्याओं और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी नौतनवा विधानसभा इकाई ने सोमवार 25 मई 2026 को तहसील परिसर में एक दिवसीय विशाल प्रदर्शन और ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की है। प्रदर्शन का नेतृत्व सपा के विधानसभा अध्यक्ष विक्रम यादव और वरिष्ठ नेता बैजू यादव करेंगे।
पार्टी द्वारा महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन में कहा गया है कि प्रदेश में महंगाई लगातार बढ़ रही है। डीजल, पेट्रोल, गैस समेत आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में हो रही वृद्धि से गरीब, किसान, मजदूर और मध्यम वर्गीय परिवार बुरी तरह प्रभावित हैं। किसानों के लिए खाद, बीज और डीजल महंगा होने से खरीफ की खेती पर संकट गहरा गया है।
समाजवादी पार्टी ने अघोषित विद्युत कटौती पर भी सरकार को घेरा है। भीषण गर्मी में घंटों बिजली गायब रहने से बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। पार्टी ने बिना पूर्व सूचना गरीब और मजदूर वर्ग के बिजली कनेक्शन काटे जाने को जनविरोधी कार्रवाई बताया है।
युवाओं के मुद्दे पर वरिष्ठ नेता बैजू यादव ने कहा कि नीट पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताएं युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं। उन्होंने सरकार से पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन के माध्यम से समाजवादी पार्टी ने सरकार से आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने, पेट्रोल-डीजल और गैस की कीमतों पर नियंत्रण लगाने, किसानों को खाद-बीज और सिंचाई की सुविधा देने, अघोषित बिजली कटौती रोकने तथा युवाओं के भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई है।
पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान बैजू यादव के नेतृत्व में तहसील प्रशासन को विस्तृत ज्ञापन सौंपा जाएगा।


