सोनौली में बिजली तारों का मकड़ी जाल बना खतरा, आमजन में दहशत — भोला यादव ने उठाई आवाज

 


सोनौली / महराजगंज।


नगर पंचायत सोनौली में जर्जर बिजली तारों और पोलों पर फैले केबलों के मकड़ी जाल से आमजन भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर हैं। नगर के कई इलाकों में बिजली के तार नीचे लटक रहे हैं, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका लगातार बनी हुई है। इस गंभीर समस्या को लेकर नौतनवा विधानसभा क्षेत्र के युवा नेता एवं प्रखर वक्ता भोला यादव ने विद्युत विभाग और संबंधित अधिकारियों से तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की मांग की है।


भोला यादव ने कहा कि सोनौली नगर में वर्षों पुराने और जर्जर हो चुके बिजली तार अब लोगों की जान के लिए खतरा बन चुके हैं। पोलों पर फैले अव्यवस्थित केबलों के कारण न सिर्फ बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है, बल्कि राहगीरों, व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई है।


उन्होंने मांग की कि नगर के सभी जर्जर तारों और गैर जरूरी केबलों को तत्काल हटाया जाए तथा दुकानों और मकानों तक सुरक्षित एवं व्यवस्थित विद्युत सप्लाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही लंबी दूरी तक खींचे गए बिजली कनेक्शनों को नजदीकी पोलों से जोड़ा जाए, ताकि करंट लगने जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।


भोला यादव ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते विद्युत व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में होने वाली किसी भी दुर्घटना की पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और अधिकारियों की होगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.