सोनौली में बिजली संकट पर बड़ा एक्शन, विधायक ऋषि त्रिपाठी की नाराजगी से हड़कंप

 


सोनौली/महराजगंज:


सोनौली क्षेत्र में लगातार खराब विद्युत आपूर्ति और उपभोक्ताओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विधायक ऋषि त्रिपाठी की नाराजगी आखिरकार भारी पड़ गई। अधीक्षण अभियंता द्वारा सोनौली के JE (अवर अभियंता) को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया है।


बताया जा रहा है कि बीते 21 मई 2026 को विधायक आवास पर आयोजित बैठक में सोनौली के व्यापारियों ने बिजली व्यवस्था को लेकर जमकर नाराजगी जताई थी। व्यापारियों ने आरोप लगाया था कि क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती हो रही है और शिकायत करने पर JE फोन तक रिसीव नहीं करते हैं।


मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक ऋषि त्रिपाठी ने तत्काल अधीक्षण अभियंता महराजगंज से नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्रवाई की मांग की थी। विधायक ने बैठक में साफ शब्दों में कहा था कि जनता की समस्याओं के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करें।


विधायक की सख्ती के बाद अधीक्षण अभियंता ने JE सोनौली को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। इस कार्रवाई के बाद विद्युत विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।


स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों ने विधायक की इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि अब क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था में सुधार देखने को मिलेगा।


बैठक में क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक एवं व्यापारी नेता मौजूद रहे, जिनमें बृजेश मणि त्रिपाठी, संतोष जायसवाल, किशोर मद्धेशिया, अजय श्रीवास्तव, दिनेश वर्मा, सुभाष जायसवाल, अरविंद वैश्य, सोनौली नगर के मनोनीत सभासद रवि वर्मा, रमेश जायसवाल और शुभम वर्मा प्रमुख रूप से शामिल रहे।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.