सोनौली / महराजगंज। AI द्वारा फ़ोटो
भारत-नेपाल सीमा से जुड़े अंतरराष्ट्रीय महत्व के कस्बा सोनौली में मंगलवार दोपहर उस समय अचानक हड़कंप मच गया, जब साइबर क्राइम शाखा की टीम ने एक कार्यालय पर छापेमारी करते हुए दो लोगों को हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि टीम पिता और पुत्र दोनों को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है।
सूत्रों के मुताबिक हिरासत में लिए गए व्यक्तियों में नगर पंचायत सोनौली के सभासद के पति व उनका पुत्र शामिल हैं। अचानक हुई इस कार्रवाई से कस्बे में चर्चाओं का दौर तेज हो गया और लोग पूरे मामले को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोपहर में साइबर क्राइम ब्रांच की टीम सीधे एक कार्यालय पहुंची और वहां मौजूद दोनों व्यक्तियों को अपने कब्जे में लेकर रवाना हो गई। पूरी कार्रवाई बेहद गोपनीय तरीके से की गई, जिससे मौके पर मौजूद लोग भी कुछ समझ नहीं सके।
मामले को लेकर जब प्रभारी निरीक्षक सोनौली महेंद्र मिश्रा से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि महाराजगंज साइबर क्राइम शाखा की टीम दो लोगों को पूछताछ के लिए लेकर गई है। हालांकि उन्होंने मामले में अधिक जानकारी होने से इनकार किया।


