नौतनवा/महराजगंज।
भारत-नेपाल के सदियों पुराने मैत्रीपूर्ण एवं रोटी-बेटी के अटूट संबंधों को और अधिक प्रगाढ़ बनाने के उद्देश्य से मंगलवार 26 मई 2026 को हिन्दुधर्म गौशाला समिति नौतनवा के संरक्षक समाजसेवी ओमप्रकाश वर्मा एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता व मनोनीत सभासद प्रेम जायसवाल के संयुक्त नेतृत्व में एक शिष्टाचार प्रतिनिधिमंडल ने नेपाल के जिला रुपनदेही भैरहवा के सी.डी.ओ.-जिलाधिकारी से मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात के दौरान भारत-नेपाल के बीच वर्षों से चले आ रहे सांस्कृतिक, धार्मिक एवं पारिवारिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों देशों के नागरिकों के बीच रोटी-बेटी का रिश्ता सदैव मजबूत रहा है। वर्तमान समय में विश्व स्तर पर तेजी से बदलती मानव जीवनशैली एवं वैश्विक परिस्थितियों का प्रभाव सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों और व्यापारियों पर भी पड़ रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने रूस-यूक्रेन तथा ईरान-इजराइल युद्ध जैसी अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा कि इनका असर भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में रहने वाले आम नागरिकों और व्यापारियों पर विशेष रूप से देखने को मिल रहा है। ऐसे में दोनों देशों को आपसी समझदारी एवं समन्वय के माध्यम से सीमावर्ती जनता एवं व्यापारियों को अधिक राहत और सहूलियत प्रदान करनी चाहिए, ताकि लोग उत्पन्न समस्याओं से सुरक्षित रह सकें।
वार्ता के दौरान नेपाल के सी.डी.ओ.-जिलाधिकारी रुपनदेही भैरहवा ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना तथा समस्याओं के समाधान हेतु सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया। प्रतिनिधिमंडल ने इस मुलाकात को भारत-नेपाल संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।


