सोनौली महराजगंज
भारत-नेपाल सीमा से सटे कस्बा सोनौली में भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए आमजन को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से श्री रामजानकी मंदिर गेट चौराहे पर शुद्ध एवं शीतल पेयजल प्याऊ की व्यवस्था शुरू की गई है।
सोनौली नगर पंचायत की ओर से शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य राहगीरों, रिक्शा चालकों, मजदूरों और दूर-दराज से आने वाले लोगों को गर्मी से राहत दिलाना है। प्याऊ स्थल पर ठंडे पानी के मटके, घड़े और वाटर लगाए गए हैं, ताकि लोगों को स्वच्छ और ठंडा पेयजल आसानी से उपलब्ध हो सके।
व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए साफ-सफाई, स्वच्छ ग्लास और ढके हुए बर्तनों की विशेष व्यवस्था की गई है। नगर पंचायत द्वारा यह सुविधा चौबीसों घंटे उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे दिनभर आवागमन करने वाले लोगों को राहत मिल सके।
नगर पंचायत प्रशासन ने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान जनसुविधाओं के साथ मानवीय संवेदनाओं का भी ध्यान रखना आवश्यक है। इसी सोच के तहत यह प्याऊ शुरू किया गया है, ताकि सड़क पर चलने वाले लोगों, मजदूरों और जरूरतमंदों को पानी के लिए परेशान न होना पड़े।
स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच यह व्यवस्था लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होगी।


