महंगाई, बिजली संकट और करोड़ो युवाओं के भविष्य को लेकर कल सपा का विशाल प्रदर्शन, बैजू यादव करेंगे नेतृत्व




नौतनवा /सोनौली/ महराजगंज।


नौतनवा विधानसभा क्षेत्र 316 में बढ़ती महंगाई, आवश्यक वस्तुओं की किल्लत, अघोषित बिजली कटौती, किसानों की समस्याओं और करोड़ो युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी कल 25 मई 2026 को ठूठीबारी चौराहे से लेकर तहसील परिसर तक एक विशाल प्रदर्शन और ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित करेगी। प्रदर्शन का नेतृत्व सपा के वरिष्ठ नेता बैजू यादव एवं अध्यक्ष विक्रम यादव करेंगे।


समाजवादी पार्टी ने आरोप लगाया है कि प्रदेश में लगातार बढ़ती महंगाई से गरीब, किसान, मजदूर और मध्यम वर्गीय परिवार परेशान हैं। डीजल, पेट्रोल, गैस, खाद और बीज की बढ़ती कीमतों ने किसानों की कमर तोड़ दी है, जिससे खरीफ की खेती भी प्रभावित हो रही है।


भीषण गर्मी के बीच हो रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर भी पार्टी ने सरकार और विभाग पर सवाल उठाए हैं। पार्टी नेताओं का कहना है कि घंटों बिजली न रहने से आमजन, मरीजों, बुजुर्गों और बच्चों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं गरीब और मजदूर वर्ग के बिजली कनेक्शन बिना पूर्व सूचना काटे जाने को जनविरोधी कदम बताया गया।


सपा नेता बैजू यादव ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में लगातार गड़बड़ियां और पेपर लीक की घटनाएं युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं। सरकार को इस पर सख्त और पारदर्शी व्यवस्था लागू करनी चाहिए। 


प्रदर्शन के दौरान राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन तहसील प्रशासन को सौंपा जाएगा, जिसमें महंगाई पर नियंत्रण, किसानों को राहत, नियमित बिजली आपूर्ति, युवाओं के लिए निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया और आवश्यक वस्तुओं की सुचारु उपलब्धता जैसी मांगें प्रमुख रूप से शामिल रहेंगी।


पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.