नौतनवा विधानसभा 316 में फिर सक्रिय हुआ पुराना चेहरा, नई रणनीति के साथ मैदान में उतरने की तैयारी

 


नौतनवा/सोनौली :


राजनीतिक दृष्टि से बेहद अहम मानी जाने वाली नौतनवा विधानसभा 316 में आगामी चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज होती दिखाई दे रही हैं। क्षेत्र की राजनीति में एक बार फिर पुराने लेकिन चर्चित चेहरों की सक्रियता बढ़ने लगी है। इसी क्रम में नगर पंचायत सोनौली के तेज तर्रार युवा नेता और प्रखर वक्ता भोला यादव का नाम इन दिनों चर्चा का केंद्र बना हुआ है।


राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि भोला यादव नए अवतार और नई रणनीति के साथ अपनी राजनीतिक पारी को धार देने में जुट गए हैं। क्षेत्र में लगातार बढ़ती उनकी सक्रियता ने समर्थकों और विरोधियों दोनों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।


बताया जाता है कि भोला यादव का राजनीतिक सफर वर्ष 2004 के आसपास शुरू हुआ था, जब वे हिन्दू युवा वाहिनी के सक्रिय कार्यकर्ता और युवा चेहरे के रूप में पहचान बनाने लगे थे। उस समय सोनौली नगर पंचायत का दायरा सीमित था और क्षेत्र छोटे कस्बाई स्वरूप में जाना जाता था। वहीं से उन्होंने युवाओं की टीम के साथ सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।


स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहने के कारण भोला यादव की पकड़ युवाओं और आम जनता के बीच मजबूत बनी हुई है। समर्थकों का दावा है कि वे हमेशा क्षेत्रीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं और जनसमस्याओं को लेकर मुखर रहते हैं।


वहीं राजनीतिक जानकारों की मानें तो नौतनवा विधानसभा में इस बार मुकाबला काफी दिलचस्प हो सकता है। कई दिग्गज नेताओं के बीच भोला यादव की बढ़ती सक्रियता चुनावी समीकरणों को नया मोड़ दे सकती है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.