नौतनवां महाराजगंज
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath शुक्रवार को महराजगंज दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी के नवनिर्मित आवास पर सुंदरकांड पाठ में हिस्सा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने तीन बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया और उन्हें खिलौने व चॉकलेट भेंट की।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने जिले को 208 करोड़ रुपये से अधिक की 79 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने फरेंदा और नौतनवा विधानसभा क्षेत्रों में करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करते हुए जनसभा को संबोधित किया।
जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध का असर पूरी दुनिया पर पड़ा है और कई देश डीजल-पेट्रोल संकट से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में हर नागरिक का दायित्व है कि वह सरकार और देश के साथ मजबूती से खड़ा रहे।
सीएम योगी ने लोगों से ईंधन और बिजली की बचत करने की अपील करते हुए कहा कि अनावश्यक रूप से एसी, कूलर और लाइटों का उपयोग न करें। उन्होंने स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने और सामूहिक संसाधनों के उपयोग पर भी जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत ने अब तक पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कीमतों को काफी हद तक नियंत्रित रखा है, जबकि दुनिया के कई देशों में इनके दाम कई गुना बढ़ चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता को भ्रामक राजनीति से सावधान रहना चाहिए और “नेशन फर्स्ट” की भावना के साथ प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में देशहित के फैसलों का समर्थन करना चाहिए।
सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले पूर्वांचल और सीमावर्ती क्षेत्रों में अराजकता का माहौल था। इंसेफेलाइटिस से लोग परेशान थे, किसान संकट में थे और नौजवानों को रोजगार के लिए पलायन करना पड़ता था। उन्होंने दावा किया कि अब हालात तेजी से बदल रहे हैं और प्रदेश विकास के नए मॉडल के रूप में उभर रहा है।
उन्होंने कहा कि अब माफिया गरीबों की जमीन पर कब्जा नहीं कर सकता और प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है। हर बेटी को सुरक्षा मिल रही है और सरकारी धन का उपयोग अब जनहित के कार्यों में हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच “रोटी-बेटी” का संबंध है और सीमावर्ती क्षेत्रों का विकास सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि नौतनवा और ठूठीबारी क्षेत्र में सड़क निर्माण और बुनियादी सुविधाओं में तेजी से सुधार हुआ है
सीएम योगी ने किसानों को कृषि यंत्र वितरित किए और कृषक दुर्घटना बीमा योजना के लाभार्थियों को 5 लाख रुपये के चेक सौंपे। इसके साथ ही 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि भी वितरित की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रोहिन बैराज के निर्माण से हजारों किसानों को सिंचाई का लाभ मिलेगा। वहीं वनटांगिया समुदाय को अब सभी सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर महराजगंज और भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित किया गया। सुरक्षा व्यवस्था में 14 निरीक्षक, 150 उपनिरीक्षक, 650 पुलिसकर्मी, 60 महिला आरक्षी, पीएसी की दो कंपनियां और 18 फायर ब्रिगेड टीमें तैनात रहीं। सीमावर्ती इलाकों में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।


