नेपाल कपिलवस्तु
कपिलवस्तु। कपिलवस्तु जिले में सोने-चांदी के व्यापारियों को निशाना बनाकर धोखाधड़ी और चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाली दो पाकिस्तानी महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों महिलाएं आभूषण खरीदने के बहाने दुकानों पर जाती थीं और व्यापारियों को बातों में उलझाकर सोने के गहनों की चोरी कर फरार हो जाती थीं।
पुलिस के अनुसार, आरोपित महिलाएं विभिन्न बाजारों में सोने और चांदी की दुकानों पर पहुंचकर पहले महंगे आभूषण दिखाने को कहती थीं, फिर मौका पाकर गहनों को छिपाकर निकल जाती थीं। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने सक्रियता बढ़ाते हुए संदिग्ध महिलाओं की तलाश शुरू की और अंततः उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उनके पास से पाकिस्तानी पासपोर्ट, नेपाली नकदी तथा कुछ पाकिस्तानी मुद्रा बरामद की है। बरामद दस्तावेजों और पैसों के आधार पर पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इनके साथ कोई अन्य गिरोह भी सक्रिय है या नहीं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों महिलाओं से पूछताछ जारी है और उनके कपिलवस्तु समेत अन्य क्षेत्रों में की गई घटनाओं की जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, व्यापारियों से सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है।
इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में चिंता का माहौल है, जबकि पुलिस ने जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का भरोसा दिया है।


