नौतनवा में गूंजा गौ-सम्मान का स्वर: हजारों हस्ताक्षरों के साथ ‘राष्ट्र-माता’ घोषित करने की मांग




नौतनवां महाराजगंज


नौतनवा-महाराजगंज में सोमवार को गौ-सम्मान अभियान के तहत एक बड़ा जनआंदोलन देखने को मिला। नौतनवा तहसील क्षेत्र में आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों गौ-भक्तों और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।


वृंदावन के पूज्य संतों के सानिध्य में राष्ट्रीय स्तर पर चलाए जा रहे इस हस्ताक्षर अभियान के तहत लोगों ने गौ-माता को “राष्ट्र-माता” घोषित करने की मांग को लेकर व्यापक समर्थन जताया।


कार्यक्रम की शुरुआत प्राचीन हिन्दुधर्म गोशाला शिव मंदिर, माता बनैलिया मंदिर और भगवान भोलेशंकर के पूजन-अर्चन से हुई। इसके बाद गौ-रथ और पैदल यात्रा निकाली गई, जिसमें “गौ-माता को राष्ट्र-माता घोषित करो”, “भारत में गौ-हत्या बंद हो” जैसे नारों से पूरा माहौल गूंज उठा।


यात्रा तहसील प्रांगण पहुंची, जहां अभियान से जुड़े प्रमुख पदाधिकारियों—ओमप्रकाश वर्मा, राधेश्याम सिंह, प्रेम जायसवाल, संतोष जायसवाल, रामरूप जायसवाल, मनोज कुमार राना सहित अन्य लोगों ने एसडीएम नवीन प्रसाद के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।


ज्ञापन में मुख्य रूप से गौ-माता को राष्ट्र-माता घोषित करने, देशभर में गौ-वंश वधशालाओं को स्थायी रूप से बंद करने और गौशालाओं को मनरेगा से जोड़कर गौ-वंश की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई।

अभियान से जुड़े लोगों ने बताया कि 27 अप्रैल 2026 को देश की करीब पांच हजार तहसीलों में एक साथ यह हस्ताक्षर अभियान चलाया गया, जिसका उद्देश्य सरकार का ध्यान गौ-संरक्षण की ओर आकर्षित करना है।


कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सरकार से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील करते हुए कहा कि गौ-वंश की सुरक्षा और सम्मान के लिए यह आगे भी जारी रहेगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.