जयमाला स्टेज पर फोटो को लेकर खूनी बवाल: मारपीट में दूल्हे के भाई की मौत, शादी की खुशियां मातम में बदली


 

महराजगंज/सोनौली:


जनपद के सोनौली कोतवाली क्षेत्र में रविवार रात एक शादी समारोह उस समय दर्दनाक हादसे में बदल गया, जब जयमाला स्टेज पर फोटो खिंचवाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस घटना में दूल्हे के बड़े भाई की मौत हो गई, जिससे पूरे परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।


जानकारी के अनुसार, नौतनवा थाना क्षेत्र के चड़लहा गांव से विनोद प्रजापति के छोटे भाई की बारात कैथवालिया उर्फ बरगदही गांव पहुंची थी। शादी की रस्में सामान्य रूप से चल रही थीं। नाश्ता-पानी के बाद जैसे ही दूल्हा-दुल्हन जयमाला के लिए स्टेज पर पहुंचे, तभी फोटो खिंचवाने को लेकर घराती और बाराती पक्ष के बीच कहासुनी शुरू हो गई।


देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट होने लगी। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने दूल्हे के बड़े भाई विनोद प्रजापति के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया और घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।


पहले उन्हें नौतनवा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने गोरखपुर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें इलाज के लिए गोरखपुर ले गए, लेकिन उपचार के दौरान विनोद की मौत हो गई। इस घटना से शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं।


यह घटना एक बार फिर इस बात की ओर इशारा करती है कि मामूली विवाद किस तरह गंभीर और जानलेवा रूप ले सकते हैं, जो समाज के लिए चिंताजनक है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.