रसोई की आग ठंडी, प्रशासन हरकत में — क्या जल्द मिलेगी राहत?

 




नौतनवां महराजगज


नौतनवा में पिछले 10 दिनों से रसोई गैस की आपूर्ति ठप होने से उपभोक्ताओं की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। गैस संकट के कारण घरों की रसोई ठंडी पड़ गई है और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


इसी बीच अब प्रशासन हरकत में आया है और गैस सप्लाई बहाल कराने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। रविवार को एसडीएम नवीन प्रसाद ने इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) को पत्र जारी कर जल्द से जल्द गैस आपूर्ति बहाल करने का अनुरोध किया है।


जांच के बाद रुकी थी सप्लाई 


बताया जा रहा है कि गैस वितरण प्रणाली में अनियमितता और लापरवाही की कई शिकायतें सामने आई थीं। इसके बाद आईओसीएल की जांच टीम ने करीब 2400 गैस की डीएसी खारिज न होने और कागजी प्रक्रिया अधूरी मिलने पर जुर्माना लगाते हुए एजेंसी की सप्लाई तत्काल प्रभाव से रोक दी थी।


इस कार्रवाई के बाद से नौतनवा क्षेत्र में गैस का संकट गहराता गया और उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ती चली गई।

जनता में बढ़ा आक्रोश 


समस्या का समाधान न निकलने से आम जनता में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ रही है। भाजपा नेता जितेंद्र जायसवाल ने आंदोलन की चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो सड़क पर उतरकर विरोध किया जाएगा।


जल्द मिल सकती है राहत 

एसडीएम नवीन प्रसाद ने बताया कि आईओसीएल को पत्र भेजकर जल्द आपूर्ति बहाल करने को कहा गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दो दिन के भीतर सभी खामियों को दूर कर गैस सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।


अब सभी की नजर प्रशासन और

आईओसीएल की कार्रवाई पर टिकी है — क्या दो दिन में खत्म होगा रसोई गैस संकट, या बढ़ेगी जनता की परेशानी?

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.