नेपाल
रुपन्देही जिला में पुलिस की कार्रवाई के दौरान संदिग्ध तस्करों को पकड़ने के प्रयास में एक युवक गोली लगने से घायल हो गया, जबकि भारी मात्रा में नशीली दवाओं के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो भारतीय नागरिक भी शामिल हैं।
घायल युवक की पहचान रोहिणी गांवपालिका-2, खुरहुरिया निवासी विशाल यादव के रूप में हुई है। उसे बाएं पैर में गोली लगी है। घायल को तत्काल भैरहवा स्थित भीम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार रोहिणी गांवपालिका-4 कोटहवा क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर यूपी 56 एफ 9901 नंबर की बाइक पर सवार तीन संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगे और पीछा करने पर पुलिस पर पत्थरबाजी शुरू कर दी।
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने एक राउंड हवाई फायरिंग और दो राउंड सीधी गोली चलाई, जिसमें विशाल यादव घायल हो गया। इसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
तलाशी के दौरान बाइक से भारी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद की गईं, जिनमें शामिल हैं —
फेनरागन: 1100 एम्पुल
डाइजेपाम: 1100 एम्पुल
ब्रुफिन: 1100 एम्पुल
गिरफ्तार आरोपियों में भारत के महराजगंज जिला के परसा मलिक थाना क्षेत्र के ग्राम बिसुनपुरवा निवासी 18 वर्षीय अरुण कुमार और 20 वर्षीय विनय पांडेय शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और इस कार्रवाई को अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।


