सोनौली का ड्रग्स माफिया ठूठीबारी में गिरफ्तार, एक की तलाश जारी

 



सोनौली महराजगज


भारत‑नेपाल सीमा क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर एक बार फिर बड़ा प्रहार करते हुए ठूठीबारी पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (22वीं वाहिनी) की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। चेकिंग अभियान के दौरान टीम ने एक कार से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाओं की खेप बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार कर लिया।


पुलिस के अनुसार, बीते शाम सीमा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान संदिग्ध हालत में आ रही एक अर्टिगा कार (UP 53DF6009) को रोका गया। तलाशी के दौरान वाहन की डिग्गी से 200 बोतल प्रतिबंधित सिरप (Codeine Phosphate एवं Triprolidine Hydrochloride Syrup – Asooran-C, 100ml) बरामद किया गया, जिसे अवैध रूप से नेपाल ले जाने की आशंका जताई जा रही है।


मौके से पुलिस ने रेहान पुत्र नौसाद, निवासी वार्ड नंबर 11, बाल्मीकि नगर, सोनौली को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 8500 रुपये भारतीय मुद्रा, 150 रुपये नेपाली करेंसी और एक मोबाइल फोन (Realme 11x) भी बरामद हुआ।


पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने अपने एक अन्य साथी अरशद पुत्र निमुल्लाह, निवासी सोनौली का नाम उजागर किया है, जो इस नशे के नेटवर्क में शामिल बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।


इस पूरे मामले में पुलिस ने स्थानीय थाने पर मु0अ0सं0 45/26 के तहत धारा 8/22/23/29 NDPS एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सीमा क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.