सोनौली/महराजगंज
सोनौली कोतवाली क्षेत्र के नोडियावा गांव में गांव का नाम बदलकर एक विशेष जाति के नाम से बोर्ड लगाने का मामला सामने आया है। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नोडियावा गांव का नाम वर्षों से सरकारी अभिलेखों में दर्ज है। बावजूद इसके एक व्यक्ति द्वारा गांव के एक स्थान पर “निषाद राज चौक” के नाम से बोर्ड लगा दिया गया। बोर्ड लगाए जाने के बाद गांव के कुछ लोगों ने इसका विरोध करते हुए पुलिस को तहरीर दी।
तहरीर में आरोप लगाया गया कि गांव का नाम बदलकर इस प्रकार बोर्ड लगाना सरकारी अभिलेखों के विपरीत है और इससे क्षेत्र का सामाजिक माहौल भी प्रभावित हो सकता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुनौली पुलिस ने उच्च अधिकारियों के निर्देश पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर लगाए गए बोर्ड को हटवा दिया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


