नौतनवा बचपन स्कूल में नन्हे बच्चों ने मनाया लेबर डे, समाज के ‘सुपर हीरोज’ को दिया सम्मान

 


नौतनवां महाराजगंज


नौतनवा, 30 अप्रैल 2026। आगामी लेबर डे (1 मई) के अवसर पर नौतनवा बचपन स्कूल में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने बेहद उत्साह और रचनात्मक तरीके से कार्यक्रम आयोजित कर श्रमिकों के प्रति सम्मान प्रकट किया। इस दौरान बच्चों को “लेबर” शब्द का अर्थ और समाज में विभिन्न पेशों की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में बताया गया।



कार्यक्रम में बच्चों को समझाया गया कि समाज को सुचारु रूप से चलाने में डॉक्टर, टीचर, टेलर, ड्राइवर, माली (गार्डनर), दूधवाला (मिल्कमैन), वकील, सफाईकर्मी और सब्जी विक्रेता जैसे कई लोग अपना अहम योगदान देते हैं। ये सभी अपने-अपने कार्य को पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी से निभाते हैं, जिससे हमारी रोजमर्रा की जिंदगी आसान बनती है।



इस मौके पर बच्चों ने अलग-अलग पेशों का रूप धारण कर शानदार प्रस्तुति दी। कोई मिल्कमैन, कोई शेफ, कोई टीचर तो कोई इलेक्ट्रिशियन और डॉक्टर के गेटअप में नजर आया। बच्चों की प्रस्तुति इतनी जीवंत थी कि सभी ने उनकी सराहना की।


स्कूल की डायरेक्टर अंजली ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि हमें हर काम को पूरी ईमानदारी से करना चाहिए और हर कार्य का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने स्कूल के ड्राइवरों और सहायिका (आंटी) को उनके समर्पण और सहयोग के लिए धन्यवाद देते हुए बैज लगाकर सम्मानित किया। उन्होंने बच्चों से कहा कि ये लोग हमारे असली “सुपर हीरो” हैं, जो हमेशा परदे के पीछे रहकर हमारी मदद करते हैं।


कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को सभी के प्रति आदर और सम्मान की भावना विकसित करने की सीख दी गई। इस तरह के आयोजन बच्चों को प्रेम, सम्मान और जिम्मेदारी के मूल्यों को समझने में मदद करते हैं।


इस अवसर पर लूईस, एशिविका, अंश, गुरनीत, सात्विक, फिजा, शिवांश, मृदुल, सामर्थ, आर्या, अनाया, ईशा और आयुष सहित कई बच्चों ने भाग लिया। वहीं श्रद्धा, अंशिका, इशिता, रिंकल, प्रियंका, अंजली, मनिता, वैष्णवी, तेजस्वी, प्रीती और मोनिका समेत सभी शिक्षिकाएं कार्यक्रम में मौजूद रहीं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.