नौतनवां महाराजगंज
नौतनवा। पूर्व विधायक अमन मणि त्रिपाठी ने गुरुवार को नौतनवा तहसील परिसर के बाहर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। निर्धारित
कार्यक्रम के तहत उन्होंने अपने स्टेशन चौराहा स्थित कैंप कार्यालय से दोपहर करीब 12 बजे समर्थकों के साथ पैदल मार्च शुरू किया। नारेबाजी करते हुए जुलूस तहसील गेट तक पहुंचा, जहां पहले से मुस्तैद पुलिस बल ने उन्हें रोक लिया।
तहसील गेट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। प्रशासन ने केवल अमन मणि त्रिपाठी को ही अंदर जाकर ज्ञापन देने की अनुमति दी, जबकि उनके समर्थक बाहर ही डटे रहे।
तहसील परिसर में प्रवेश करने के बाद पूर्व विधायक ने बाहर खड़े समर्थकों को संबोधित करते हुए प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में भूमिया विवाद, फर्जी रजिस्ट्री और सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जों को प्रशासनिक संरक्षण मिल रहा है, जिसे अब किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित 20 सूत्रीय मांग पत्र एसडीएम नौतनवा को सौंपा।
धरना-प्रदर्शन के दौरान समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की और प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया। हालांकि पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। संभावित स्थिति को देखते हुए प्रशासन पहले से सतर्क रहा और पूरे कार्यक्रम के दौरान भारी पुलिस बल तैनात किया गया।


