सोनौली में गैस वितरण व्यवस्था फेल, सपा नेता बैजू यादव ने दी बड़े जन आंदोलन की चेतावनी

 



महराजगंज/सोनौली। 


आदर्श नगर पंचायत सोनौली में घरेलू गैस सिलेंडर वितरण व्यवस्था पूरी तरह से चरमराती नजर आ रही है। हालात यह हैं कि आम नागरिकों को घंटों लंबी लाइनों में खड़ा रहना पड़ रहा है, इसके बावजूद समय पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहा। लगातार बढ़ती अव्यवस्था के बीच कालाबाजारी के आरोप भी गंभीर रूप लेते जा रहे हैं।


इस मुद्दे को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं लोहिया वाहिनी के नेता बैजू यादव ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने साफ चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही गैस वितरण व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो क्षेत्र में एक बड़ा जन आंदोलन खड़ा किया जाएगा।


बैजू यादव ने बताया कि वह लंबे समय से गैस किल्लत और कालाबाजारी के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं। उनके प्रयासों से कुछ हद तक व्यवस्था में सुधार जरूर हुआ है, लेकिन पूरी तरह पारदर्शिता अभी भी नहीं आ सकी है। उन्होंने कहा कि आम जनता के हक का गैस सिलेंडर किसी भी कीमत पर हड़पने नहीं दिया जाएगा।


उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि गैस वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाया जाए, सभी उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए और कालाबाजारी में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।


गौरतलब है कि यह समस्या अब आम जनता की बड़ी पीड़ा बन चुकी है। ऐसे में सपा नेता के तेवरों से संकेत मिल रहे हैं कि आने वाले दिनों में सोनौली में बड़ा विरोध प्रदर्शन देखने को मिल सकता है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.