सोनौली सीमा पर बड़ी कार्रवाई: नेपाल से आ रहे ट्रक में 2570 किलो विदेशी अखरोट बरामद, चालक गिरफ्तार

 


सोनौली (महराजगंज): 


सोनौली अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और स्थानीय पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। सोमवार को सीमा स्तंभ संख्या 517/2 के पास संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी अखरोट बरामद किया।


खबरों के अनुसार, समवाय आसूचना के आधार पर एसएसबी 22वीं वाहिनी की “बी” समवाय के सहायक कमांडेंट सैफवान एन. के नेतृत्व में तथा पुलिस चौकी सोनौली की टीम के साथ संयुक्त अभियान चलाया गया। इस दौरान अंतर्राष्ट्रीय सीमा से लगभग 10 मीटर भारतीय क्षेत्र में नेपाल से भारत की ओर आ रहे ट्रक संख्या RJ14GJ 5722 को रोककर उसकी सघन तलाशी ली गई।


तलाशी के दौरान ट्रक में विशेष रूप से तैयार किए गए एक गुप्त केबिन से 103 बोरियों में कुल 2570 किलोग्राम विदेशी अखरोट बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह खेप नेपाल के काठमांडू से दिल्ली ले जाई जा रही थी, जिसे अवैध रूप से भारत में लाने की कोशिश की जा रही थी।


कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। बरामद माल को जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।


सीमा पर तैनात सुरक्षा एजेंसियों ने स्पष्ट किया है कि तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और इस तरह की अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.