सोनौली।
नगर के प्रतिष्ठित विद्यालय आइडियल पब्लिक स्कूल में वार्षिक परीक्षा परिणाम वितरण समारोह बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्रों को प्रमाण पत्र, अंकपत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया। वहीं विद्यालय में टॉप करने वाले विद्यार्थियों को विशेष उपहार भी प्रदान किए गए।
विद्यालय की कक्षा 7 की छात्रा अनन्या यादव ने स्कूल टॉप कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जिन्हें विद्यालय की ओर से साइकिल भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा शिफा खातून एवं रोकैया खातून को भी विशेष उपहार देकर प्रोत्साहित किया गया। मेडल और पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और पूरे विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल बन गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष हबीब खान रहे। उनके साथ इंस्पेक्टर राम चंद्र राय, सोनौली चौकी इंचार्ज प्रिया तिवारी, व्यापार मंडल अध्यक्ष सुभाष जायसवाल, विद्यालय के प्रबंधक अहमद हुसैन एवं प्रधानाचार्य जुनेद अहमद सहित आइडियल पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य नरेंद्र मणि त्रिपाठी भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अध्यापक सर्वेश पांडे, संदीप पांडेय, आनंद सर, दिनेश यादव, इंद्रजीत यादव तथा अध्यापिकाएं कंचन लता पाण्डेय, सिम्मी वर्मा, तृप्ति छेत्री, रोहिणी छेत्री, आरती मैडम, किरन मैडम, मोनिका शर्मा, रूबी पाण्डेय
सहित सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए व्यापार मंडल अध्यक्ष सुभाष जायसवाल ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से बच्चों में प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। यही बच्चे आगे चलकर अपनी प्रतिभा से देश और समाज का नाम रोशन करते हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने कहा कि छात्रों की इस सफलता में उनकी मेहनत के साथ-साथ शिक्षकों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। शिक्षक अपने ज्ञान और अनुभव से बच्चों की प्रतिभा को निखारते हैं और उन्हें जीवन में सफल बनने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक भी करता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी सफल छात्रों को बधाई दी गई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।






