शहीद का अपमान बर्दाश्त नहीं: कारगिल वीर पूरन बहादुर थापा की मूर्ति हटाने पर भड़का गुस्सा धरने की चेतवानी

 



नौतनवा, महराजगंज।



पूर्वांचल के नौतनवा में कारगिल युद्ध के शहीद पूरन बहादुर थापा की मूर्ति हटाए जाने और उसे जमीन पर फेंक देने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस घटना से लोगों में भारी आक्रोश है और इसे शहीद का अपमान बताया जा रहा है।



कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष विजय सिंह


 एडवोकेट सहित कई सामाजिक संगठनों ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी से मुलाकात कर लिखित शिकायत दी। शिकायत में बताया गया कि सड़क निर्माण के दौरान निर्माण एजेंसी PNC Infratech द्वारा शहीद की मूर्ति को तोड़कर नीचे फेंक दिया गया, जो बेहद निंदनीय है।


मामले का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल निर्माण एजेंसी के अधिकारियों और नगर पालिका परिषद नौतनवा के अधिशासी अधिकारी को बुलाकर निर्देश दिया कि मूर्ति को सुरक्षित रखा जाए और जल्द से जल्द उचित स्थान चिन्हित कर उसकी पुनः स्थापना कराई जाए।


लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही सामने आई। आरोप है कि शहीद की मूर्ति खुले में पड़ी रही और उस पर एक कुत्ते के पेशाब करने का वीडियो सामने आया, जिससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय सिंह एडवोकेट ने इस घटना की जानकारी फिर से जिलाधिकारी को व्हाट्सएप के माध्यम से दी और मांग की कि PNC Infratech के जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की जाए। साथ ही नगर पालिका परिषद नौतनवा के अधिशासी अधिकारी के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की मांग की गई है।


उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि शहीद की मूर्ति की पुनः स्थापना को लेकर जल्द कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो मंगलवार को कांग्रेस पार्टी तहसील मुख्यालय नौतनवा पर जोरदार धरना-प्रदर्शन करेगी।


स्थानीय लोगों का कहना है कि देश के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले शहीदों का इस तरह अपमान होना बेहद दुखद है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि शहीद पूरन बहादुर थापा की मूर्ति को सम्मानजनक स्थान पर जल्द से जल्द स्थापित कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.