नौतनवा में दिल दहला देने वाली घटना: पिता ने दो मासूम बच्चों की हत्या कर खुद लगाई फांसी

 


महराजगंज / नौतनवा।


महराजगंज जनपद के नौतनवा कस्बे के गांधीनगर वार्ड नंबर 25 से रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां किराए के मकान में रह रहे एसएसबी महिला सिपाही के पति ने अपने दो मासूम बच्चों की हत्या करने के बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई।


क्या है पूरा मामला


गाजीपुर जिले के निवासी अमरेंद्र भारती अपनी पत्नी वंदना और दो छोटे बच्चों के साथ नौतनवा के गांधीनगर वार्ड में किराए के मकान में रहते थे। वंदना सशस्त्र सीमा बल (SSB) में सिपाही के पद पर तैनात हैं।


बताया जा रहा है कि रविवार सुबह वंदना ड्यूटी पर चली गई थीं। इसी दौरान घर में मौजूद अमरेंद्र ने अपने दो मासूम बच्चों की हत्या कर दी और बाद में कमरे के अंदर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

पारिवारिक कलह की आशंका


स्थानीय लोगों और शुरुआती जांच के आधार पर माना जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। रविवार सुबह विवाद के बाद अमरेंद्र ने यह खौफनाक कदम उठाया।


बताया जा रहा है कि बच्चों को मारने के बाद उसने पहले अपनी कलाई की नस काटकर जान देने की कोशिश की और अंत में फांसी के फंदे से लटक गया।


पुलिस और एसएसबी के अधिकारी मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही सीओ नौतनवा अंकुर गौतम, थाना प्रभारी पुरुषोत्तम राव, एसएसबी के अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंच गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भी घटनास्थल पर पहुंचे।


पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कमरे से साक्ष्य जुटाकर हर पहलू से जांच शुरू कर दी है।


पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला गृह क्लेश का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


मोहल्ले में पसरा मातम

एक साथ तीन मौतों की खबर से गांधीनगर मोहल्ले में मातम छा गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि पारिवारिक विवाद का अंत इतना भयावह हो जाएगा। घटना के बाद परिजनों और मोहल्ले के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.