भारत नेपाल सीमा क्षेत्र मिश्रधातु की मूर्ति और नकदी के साथ दो तस्कर गिरफ्तार ,

 




नौतनवा, महराजगंज।


भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। 66वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए बहुमूल्य मिश्रधातु की मूर्ति और नकदी के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया।


मिली जानकारी के अनुसार सीमा चौकी चंडीथान को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर एक कार के जरिए बहुमूल्य मूर्ति और नकदी को नेपाल ले जाने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही एसएसबी और पुलिस की संयुक्त टीम सक्रिय हो गई। समवाय प्रभारी के निर्देश पर पुलिस चौकी संपत्तिहा को भी सूचना दी गई और संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई शुरू की गई।


एसएसबी निरीक्षक जितेंद्र कुमार ठाकुर, उपनिरीक्षक जतिन व अन्य जवानों तथा पुलिस उपनिरीक्षक मनीष और पुलिसकर्मियों की टीम ने बरवां कलां से चंडीथान रोड स्थित रेलवे अंडरपास के पास संदिग्ध वाहनों की सघन जांच शुरू की।


जांच के दौरान एक सफेद रंग की कार को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में सवार युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर जब गहन जांच की गई तो कार से करीब 7.6 किलोग्राम वजन की बहुमूल्य मिश्रधातु की मूर्ति और 50 हजार रुपये भारतीय नकदी बरामद हुई।


पूछताछ में पकड़े गए युवकों ने अपना नाम विद्यासागर निवासी ग्राम सोबदा, ठूठीबारी और राम सिंह पासी निवासी ग्राम तरगौली, सुनवल जिला नवलपरासी (नेपाल) बताया।


बरामदगी के दौरान कार में सवार एक अन्य युवक सुरक्षा बलों को चकमा देकर मौके से फरार हो गया। हालांकि टीम ने दो आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है।


सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि बरामद मूर्ति को तस्करी के जरिए नेपाल ले जाने की योजना थी। बरामद मूर्ति, नकदी और वाहन को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय को सौंप दिया गया है।


अधिकारियों के अनुसार मामले में शामिल तस्करी के पूरे नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.