होली पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस बल की विशेष ड्यूटी लगाई गई है तथा संवेदनशील और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है, ताकि आमजन त्योहार को सुरक्षित माहौल में मना सकें।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक महराजगंज सोमिद्र मीणा ने थाना श्यामदेउरवा क्षेत्र के परतावल चौक पर पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय व्यापारियों, नागरिकों एवं राहगीरों से संवाद कर भाईचारे, सौहार्द और आपसी सद्भाव के साथ होली मनाने की अपील की।
गश्त के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग भी की गई। साथ ही ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को सतर्क एवं मुस्तैद रहकर जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए गए।
पुलिस की सक्रियता से क्षेत्र में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है और लोग शांतिपूर्ण व उल्लासपूर्ण वातावरण में होली मनाने को उत्साहित नजर आ रहे हैं।




