सोनौली, महराजगंज।
महाशिवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर सोनौली एसएसबी रोड स्थित शिव मंदिर से भव्य और आकर्षक शोभायात्रा निकाली गई। जुलूस में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साह और भक्ति भाव के साथ भाग लिया। पूरा वातावरण ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा।
शोभायात्रा गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के साथ मंदिर परिसर से प्रारंभ हुई। इस दौरान कलाकारों ने नृत्य और विभिन्न धार्मिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपना हुनर दिखाया, जिसे देखने के लिए सड़क के दोनों ओर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
जुलूस शिव मंदिर से निकलकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए टेंपो स्टैंड और अन्य स्थानों का भ्रमण कर पुनः मंदिर परिसर में सम्पन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी चुस्त-दुरुस्त रही। स्थानीय लोगों ने इस धार्मिक आयोजन को सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक बताया।


